अल्मोड़ा। धनगढ़ी नेपाल में 22 मई से शुरू होने वाली नौवीं अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए अल्मोड़ा के पांच खिलाड़ियों का भी चयन हुआ है। चैंपियनशिप में भारत के अलावा नेपाल, भूटान, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और थाइलैंड समेत आठ देशों के 650 से अधिक कराटे खिलाड़ी भाग लेंगे। चैंपियनशिप 25 मई तक चलेगी।
नेशनल कराटे एकेडमी के महासचिव सतीश जोशी ने बताया कि अल्मोड़ा से चयनित पांच खिलाड़ियों में सीनियर पुरुष वर्ग में कोच यशपाल भट्ट, सब जूनियर बालिका वर्ग में प्राची आर्या, जूनियर वर्ग में अंजली तिवारी, सरिता गैड़ा और शिवानी आर्या शामिल हैं।
टीम के सभी खिलाड़ी 22 मई को नेपाल रवाना होंगे। इधर खिलाड़ियों के चयन पर सांसद अजय टम्टा, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, खेल अधिकारी सीएल वर्मा, मनीष तिवारी, कबड्डी एसोसिएशन के सचिव भानु प्रकाश जोशी, विधायक और उपनेता सदन करन माहरा, प्रज्ञा जोशी, एसके राम, नीलेश जोशी, भगवती प्रसाद गौड़, प्रेम शर्मा, जिला कराटे संघ के सचिव भूपाल सिंह बिष्ट, ममता रावत आदि दर्जनों खिलाड़ियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी है।