द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बासुलीसेरा (बग्वालीपोखर) में सेरे (खेतों) को 132 केवी की हाइटेंशन लाइन से बचाने के लिए ग्रामीणों ने अब केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा से गुहार लगाई है। पिटकुल की तरफ से ग्रामीणों के सेरों के ऊपर से 132 हाईटेंशन लाइन की केबिल बिछाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जबरन यह लाइन डाली जा रही है, इससे उनकी उपजाऊ भूमि बर्बाद हो जाएगी। कहा कि विरोध करने के बाद भी विभाग सेरों के ऊपर से लाइन डालने की जिद पर अड़ा हुआ है।
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा को सेरा बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। कहा कि सेरे के ऊपर से हाईटेंशन लाइन डाली जा रही है, जबकि ग्रामीण सेरों में खेती करते हैं, यही उनकी आजीविका का भी साधन है। इसके लिए शासन-प्रशासन की तरफ से ग्रामीणों पर अनावश्यक दबाव भी बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वह किसी भी कीमत पर खेतों को बर्बाद नहीं होने देंगे। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी ग्रामीणों ने कठघरे में खड़ा किया। कहा कि ग्रामीण विद्युत लाइन डालने का विरोध नहीं कर रहे हैं, ग्रामीणों ने विभाग को पास ही घन्याल के जंगल से लाइन डालने का विकल्प दिया हुआ है।
चेतावनी दी कि यदि दो हफ्ते के भीतर सेरे से अन्यत्र लाइन शिफ्ट नहीं की गई तो ग्रामीण लोक सभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष इंद्र सिंह बोरा, सचिव गोविंद भंडारी, बीडीसी गीता देवी, प्रधान दीप देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष चंपा देवी आदि शामिल थे।