अल्मोड़ा। जिला पंचायत की भूमि, मार्गों पर अतिक्रमण करने पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ने विकासखंड हवालबाग और ताड़ीखेत के 24 लोगों को नोटिस जारी कर दिए हैं। निश्चित अवधि में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं होने पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज होगी।
शुक्रवार को अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एमएल टम्टा के नेतृत्व में टीम ने विकासखंड हवालबाग और ताड़ीखेत में जिला पंचायत की भूमि और मार्गों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दोनों विकासखंडों में पंचायत की भूमि में अतिक्रमण कर घर, सुरक्षा दीवार बनाने और मार्ग पर रेत, बजरी आदि फैलाने पर 24 लोगों को नोटिस जारी किया है। अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि जिला पंचायत की भूमि में अतिक्रमण करने वाले सभी लोगों को तय समय के अंदर अतिक्रमण हटाने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि द्वाराहाट, चौखुटिया और भिकियासैंण में भी अतिक्रमण करने की शिकायत मिली है। जल्द ही संयुक्त टीम द्वारा इन जगहों पर भी निरीक्षण किया जाएगा। संयुक्त निरीक्षण टीम में अभियंता जगदीश प्रसाद, कर समाहर्ता धर्मेंद्र रावत, अमीन बसंत वल्लभ बचखेती, चंदन और क्षेत्रीय पटवारी मौजूद थेे।