अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में डायलिसिस मशीन का ट्रायल शुरू हो गया है और एक हफ्ते बाद यहां मरीजों का डायलिसिस होने लगेगा। अब लोगों को डायलिसिस के लिए हल्द्वानी नहीं जाना पड़ेगा।
बता दें कि अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में कई वर्षों से डायलिसिस सुविधा शुरू करने की कवायद चल रही थी, लेकिन तमाम मशक्कत के बावजूद अभी तक मरीजों को यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी और अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि पहाड़ के चारों जिलों के मरीजों को डायलिसिस के लिए हल्द्वानी जाना पड़ता है।
अल्मोड़ा में डायलिसस सुविधा शुरु करने का मामला पिछले साल हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट ने शासन को अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में डायलिसिस सुविधा शुरू करने के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी थी। यह समय सीमा भी सितंबर में निकल चुकी है।
इधर हाईकोर्ट के आदेश को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बीते काफी समय से बेस अस्पताल में डायलिसिस सुविधा शुरू करने की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.पीएस टाकुली, डॉ. कमलेश और डॉ. ललित मोहन के अलावा कुछ अन्य स्टाफ बीते दिनों प्रशिक्षण लेकर लौट आया है।
बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचएस गड़कोटी ने बताया कि इन दिनों मशीन को ट्रायल के तौर पर चलाया जा रहा है और एक हफ्ते बाद मरीजों को डायलिसिस सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। इधर सांसद प्रतिनिधि और भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मोती लाल वर्मा ने डायलिसिस सुविधा जल्द शुरू करने पर जोर दिया। वर्मा इसे लेकर पूर्व में मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन दे चुके हैं।