अल्मोड़ा। पालिका परिषद द्वारा शहर से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण की योजना बना ली गई है। डंपिंग जोन में कूड़े को अलग-अलग छांटकर उसका निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए पालिका परिषद ने निविदा आमंत्रित कर ली है। प्रथम चरण में इसमें करीब 25 लाख रुपये का खर्चा आएगा।
शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी पालिका परिषद पर है। पालिका परिषद द्वारा शहर के कूड़ेदानों से कूड़ा इकट्ठा कर वाहनों के जरिए शहर से करीब पांच किमी दूर पिथौरागढ़ मार्ग पर बनाए गए डंपिंग जोन में डाला जाता है। शहर से प्रतिदिन करीब सात से आठ टन कूड़ा निकलता है, लेकिन डपिंग जोन में डाले जाने वाले कूड़े के निस्तारण की अब तक कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है।
पालिका और जिला प्रशासन ने कूड़ा निस्तारण के प्रबंधन की योजना बनाई है। डपिंग जोन में गीले और सूखे कूड़े को अलग अलग किया जाएगा। साथ ही लोहा, प्लास्टिक, गत्ता, कांच आदि पदार्थ अलग-अलग छांटे जाएंगे। ताकि कूड़े का उचित प्रबंधन किया जा सके। इसके लिए पालिका परिषद ने पूर्व में ही निविदा भी आमंत्रित कर ली गई हैं।
नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने बताया कि निविदा जीरो वेेस्ट कंपनी के नाम पर निकली है। कंपनी डंपिंग ग्राउंड में मशीनें लगाएगी। प्रारंभ में इस कार्य में करीब 25 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। बाद में प्रतिमाह करीब 2.45 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे कूड़ा के निस्तारण की उचित व्यवस्था हो सकेगी।