अल्मोड़ा। पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा तैयार बैग अब बस और टैक्सी वाहनों में लटकाए जाएंगे। ताकि पहाड़ों पर यात्रा के दौरान कूड़ा, नमकीन, बिस्किट के रैपर फल, मूंगफली के छिलके और प्लास्टिक आदि की बोतल यात्री वाहन से बाहर फेंकने की बजाए इस बैग में डाल सकें। शुरूआती चरण में एक हजार बैग तैयार कर लिए गए हैं और वाहन चालकों को बैग दिए जाने की शुरूआत भी कर दी गई है। वाहन चालक को यह बैग छह रुपये में दिया जा रहा है।
पुलिस परिवार की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने और महिलाओं को पुलिस लाइन परिसर में ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसएसपी पी रेणुका देवी की पहल पर पुलिस की महिला कल्याण केंद्र द्वारा यह बैग तैयार किए गए हैं। शुरूआत में एक हजार बैग तैयार करने के बाद वाहन चालकों को बांटने का काम भी शुरू हो गया है। एसएसपी पी रेणुका देवी ने बताया कि इन बैगों को कार टैक्सी बस चालकों और मालिकों को सस्ते दामों में उपलब्ध कराया जा रहा है। बैग को वाहन के अंदर सीट पर लटकाया जाएगा ताकि वाहन में बैठे यात्री कूड़ा इस बैग में डाल सकें। जहां भी कूड़ादान होगा चालक द्वारा बैग में रखा कूड़ा कूड़ेदान मेें फेंक दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे एक ओर पहाड़ों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने में मदद मिलेगी वहीं पुलिस कल्याण केंद्र में काम करने वाली महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि यह बैग फिलहाल लोधिया, मोहान, पिलखोली पुलिस सहायता केंद्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से छह रुपये में खरीदा जा सकता है। इधर पर्यावरण प्रेमियों ने अल्मोड़ा पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पॉलीथिन के प्रतिबंधित हो जाने से लोग इस बैग में अपना घरेलू सामान भी ला और ले जा सकते हैं।