अल्मोड़ा। उत्तराखंड लोक वाहिनी की यहां हुई एक बैठक में वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त और सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश पर हुए हमले की निंदा करते हुए इस कृत्य को लोकतंत्र पर हमला बताया है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सुप्रीम कोर्ट भीड़ की हिंसा के खिलाफ फैसला दे रहा है वहीं कुछ असामाजिक तत्व बार-बार इस तरह की घटनाएं कर देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कानून बनाकर उन्हें दंडित करने की मांग की है।
वाहिनी के अध्यक्ष डॉ. शमशेर सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बंधुआ मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी अग्निवेश ने अब तक हजारों बच्चों को ईंट भट्टों से मुक्त कर पुनर्वास कराया है। कहा कि जब सत्ताधारी पार्टियां ही कानून की अवहेलना करती हैं तब कानून का राज कैसे स्थापित होगा। वाहिनी सचिव पूरन चंद्र तिवारी और कटक पालिका (छावनी क्षेत्र) के उपाध्यक्ष जंग बहादुर थापा ने घटना की निंदा करते हुए हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। बैठक में बधुवा मुक्ति मोर्चा के संयोजक दयाकृष्ण कांडपाल, हरीश मेहता, वरिष्ठ पत्रकार राजीव लोचन साह, विशन दत्त जोशी, सुशीला भंडारी, हारिस मो., कमलेश थापा, शमशेर जंग, जगत रौतेला, रेवती बिष्ट, अजय मित्र, अजय मेहता भी मौजूद थेे।