अल्मोड़ा। अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश के बाद मादक पदार्थों की रोकथाम और प्रभावी कार्रवाई के लिए अल्मोड़ा में भी एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स का गठन कर लिया गया है। एसएसपी पी रेणुका देवी इसके लिए क्षेत्राधिकारी कमल राम आर्य को नोडल अधिकारी नामित करते हुए प्रभारी एसओजी हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में फोर्स का गठन किया है।
एसएसपी ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को स्वयं नोडल अधिकारी बनाते हुए एक उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल जिसमें महिला आरक्षी और स्थानीय अभिसूचना अधिकारी को शामिल करते हुए पांच लोगों को एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स टीम बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि फोर्स का काम थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्कूलों, कालेज, उच्च शिक्षण संस्थान, मेडिकल कालेज, मादक पदार्थों के उन्मूलन काम में लगे एनजीओ, नशा मुक्ति केंद्रों के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाना और मादक पदार्थ की तस्करी, बिक्री, नशे का प्रयोग करने वाले या फिर नशे के आदी होने वाले छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थ पहुंचाने वालों के संबंध में सूचना एकत्र कर प्रभावी कार्रवाई किया जाना है।