अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में हुई पार्टी की नेतृत्वकारी महिलाओं की बैठक में राज्य की स्थायी राजधानी की मांग को लेकर अल्मोड़ा से गैरसैंण तक पदयात्रा करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर राज्य में पूर्ण रूप से नशाबंदी लागू करने, पंचेश्वर बांध का निर्माण रोकने, विधानसभा और संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने समेत कई प्रस्ताव पारित किए गए।
मुख्य अतिथि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि सरकारें समाज और आधी आबादी के हितों की रक्षा नहीं कर पा रही है। ऐसी सरकारों का पतन सुनिश्चित है। पार्टी की केंद्रीय महिला संयोजक रेखा धस्माना ने कहा कि राज्य निर्माण और उसे संवारने, उत्तराखंडी समाज के मूल्यों की रक्षा करने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है, लेकिन आज सरकारे महिलाओं की सर्वाधिक उपेक्षा कर रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि सरकारें उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए मुज्जफरनगर जैसे शर्मनाक कांड के दोषियों को दंडित करने में असफल रही।
बजट सत्र के दौरान पार्टी की महिला कार्यकर्ता अल्मोड़ा से गैरसैंण तक पदयात्रा करेंगी। बैठक में महिला को कृषक का दर्जा देने, संगठति तथा असंगठित क्षेत्रों मे महिलाओं को बराबर मेहनताना देने समेत कई प्रस्ताव पारित किए गए। अध्यक्षता पार्टी की केंद्रीय सचिव आनंदी वर्मा ने और संचालन विमला, रंजना सिंह ने किया। अध्यक्ष मंडल की किरण आर्या, नंदी नैनवाल आदि ने विचार रखे। बैठक में नगर अध्यक्ष वंदना कोहली, लीला आर्या, चंपा सुयाल, रचना विलसन, लीला बिष्ट, अनीता बजाज, पूनम पांडे, दीपा देवी, आरती मेहरा, केंद्रीय सचिव अमीनुर्रहमान, लालमणि, श्रमिक प्रकोष्ठ के संयोजक गिरधारी कांडपाल मौजूद थे।