अल्मोड़ा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने प्रदेश सरकार पर विकास योजनाओं में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूर्व में स्वीकृत विकास कार्यों को रोकने का काम किया है। स्वीकृत योजनाओं में फरवरी तक कार्य प्रारंभ नहीं होने पर कुंजवाल ने मार्च से जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष समर्थकों के साथ आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि जिस तरीके से प्रदेश सरकार द्वारा विकास योजनाओं में पक्षपात किया जा रहा है उससे प्रदेश को बड़ा नुकसान होगा। वहीं संतुलित विकास की अवधारणा को भी धक्का लगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत विकास योजनाओं को इस सरकार ने रोक दिया है। विधानसभा चुनाव से पूर्व जिन कार्यों की निविदा हो गई थी उन्हें भी राजनीतिक द्वेष से रोका गया है। जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में बसौलीखान-मांणू, मकड़ाऊं-दशौला, ध्याड़ी-मानेश्वर सड़क के टैंडर होने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ है।
दन्यां में राजकीय पॉलीटेक्निक का भवन पांच करोड़ लागत से बन गया है उसे पॉलीटेक्निक को हस्तांतरित नहीं किया जा रहा है। इस कारण प्रशिक्षणार्थियों को परेशानी हो रही है। भवन बनने के बाद भी पॉलीटेक्निक किराए के भवन में चलाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने सरकार को फरवरी का समय देते हुए विकास कार्यों को शुरू करने की मांग की है। अन्यथा समर्थकों के साथ मार्च से जिलाधिकारी कार्यालय में आमरण अनश पर बैठने का ऐलान किया है।