अल्मोड़ा। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-87 एक्सटेंशन पर बाइपास और पुल बनाने की मांग की है। उन्होंने इस मामले में डीएम के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग कार्यालय जहाजरानी मोती लाल नेहरु मार्ग नई दिल्ली को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा है कि अल्मोड़ा लोअर माल रोड पर बाइपास बनने और राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित होने से पूर्व से ही सड़क किनारे लोधिया से कोसी बाइपास तक मकान बन गए थे। अब राष्ट्रीय राजमार्ग को डबल लेन किए जाने से इन पूर्व निर्मित भवनों के टूटने की आशंका बनी हुई है, जिससे भवन स्वामी डरे हुए हैं। जबकि बाइपास को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने का कोई औचित्य नहीं था। क्वारब-कोसी लिंक मार्ग निर्माणाधीन है ,जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग का बाइपास घोषित करते हुए डबल लेन बनाया जाए, यदि लोअर माल रोड के राष्ट्रीय राजमार्ग को डबल लेन किया जाता है तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे।