अल्मोड़ा। धौलादेवी में हुई उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने जन मुद्दों पर एकजुट होकर कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियों के विकल्प के लिए उपपा को सामने लाने का आह्वान किया। बैठक में पंचेश्वर बांध से प्रभावित होने वाले गांवों में जन अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
बसंत खनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने आरोप लगाया कि राज्य बनने के बाद भाजपा और कांग्रेस ने राज्य को बदहाली और अव्यवस्था के दलदल में धकेल दिया है, जिससे मुक्ति के लिए उपपा जैसी सशक्त और संघर्षशील पार्टी को मौका देना समय की मांग है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों में सक्रिय रूप से जुड़ने और चुनाव तैयारी में लगने को कहा। इस मौके पर धौलादेवी क्षेत्र में पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया। तय हुआ कि समिति सदस्य गांव-गांव में प्रशासन के संरक्षण में फल फूल रहे शराब के धंधों, सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता को संगठित कर अभियान चलाएगी। बैठक में कौस्तुभानंद भट्ट, बसंत राम, राजेंद्र सिंह नेगी, गिरीश चंद्र गुरूरानी, बसंत पांडे, रेखा धस्माना, अमीनुर्रहमान, राजू गिरी, गोपाल राम, जगदीश प्रसाद, पुष्पा पुनेठा, सुरेंद्र सहाय गुप्त, उज्ज्वल सिंह आदि ने भी विचार रखे। ब्यूरो