भिकियासैंण/अल्मोड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में बाल रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त है। इस कारण स्थानीय लोगों को अपने बच्चों के इलाज के लिए 54 किमी दूर रानीखेत की दौड़ लगानी पड़ रही है। इससे उनका समय और पैसा दोनों की बर्बादी हो रही है।
भिकियासैंण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ये पूरी नहीं हो सकी है। वजह ये है कि स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से बाल रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त चल रहा है। इस पद पर बांडधारी की भी तैनाती नहीं है। बच्चों के बीमार पड़ने पर लोगों को उनका इलाज कराने में कठिनाइयों से जूझना पड़ता है। हालत यह है कि बीमार बच्चों को अभिभावक उपचार के लिए अस्पताल ले जाते हैं लेकिन यहां बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती न होने से उन्हें मजबूरी में अस्पताल में तैनात अन्य चिकित्सकों को दिखाना पड़ता है।
कई बार मामला गंभीर होने पर वह भी असमर्थता जता देते हैं, ऐसे में उन्हें 54 किमी दूरी तय कर रानीखेत स्थित नागरिक चिकित्सालय की शरण लेनी पड़ती है। कई बार यहां भी मरीजों की भीड़ रहती है। इससे लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। आने जाने में ग्रामीणों का काफी पैसा खर्च हो जाता है। साथ ही उनका समय भी बर्बाद हो जाता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। अस्पताल में तैनात अन्य चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हैं। रिक्त पदों की जानकारी विभाग के माध्यम से निदेशालय को भेजी गई है।
डाॅ.अमजद खान, प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी भिकियासैंण