मुख्य विकास अधिकारी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी शौचालय बनाने को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालय बनाए जाने हैं।
विकास भवन में स्वच्छ भारत मिशन की क्रियान्वयन और अनुश्रवण समिति की बैठक में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में शौचालय बनाने के लिए 5333 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका अल्मोड़ा, नगर पंचायत द्वाराहाट, नव गठित नगर पंचायत चौखुटिया की सीमा के अंतर्गत सभी शहरी परिवारों को शौचालय बनाने की सुविधा के लिए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत शौचालय बनाने के लिए अभी तक 87 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने पालिका के अधिशासी अधिकारी को लोगों में शौचालय बनाने के लिए जागरूकता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वजल के अधिकारियों को सामुदायिक शौचालय बनाने के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। बेस चिकित्सालय, जीआईसी, जीजीआईसी, रैमजे इंटर कालेज में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में अल्मोड़ा और सोमेश्वर में बायो टायलेट भी बनाए जा रहे हैं। इसके बाद अन्य क्षेत्रों में भी इनका निर्माण किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा सभासद अपने-अपने वार्डों में जागरूकता अभियान चलाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना से प्रेरित हो सकें।
इस मौके पर अपर निदेशक शहरी विकास नवनीत पांडे, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एके सिंह, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एके वर्मा, परियोजना निदेशक स्वजल केएस रावत, प्रभारी थानाध्यक्ष एसएस गर्ब्याल, सर्व शिक्षा अभियान के लक्ष्मी दत्त, पेयजल विभाग के वीके पांडे, पर्यटन विभाग के अमित बिष्ट आदि मौजूद थे।