अल्मोड़ा। जिले के पांच विकासखंडों के 11 विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को जल्द बदहाल शौचालय और जर्जर स्कूल भवनों से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। शिक्षा विभाग को निदेशालय से इसके लिए 52 लाख रुपये का बजट अवमुक्त हो चुका है। ऐसे में अब विद्यार्थियों को खतरे के बीच पढ़ने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
अल्मोड़ा के हवालबाग, स्याल्दे, लमगड़ा, ताड़ीखेत और धौलादेवी ब्लॉक में 11 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मूलभूत सुविधाएं तक नसीब नहीं हैं। विद्यालय में सुविधाओं का अभाव होने से लगातार छात्रसंख्या गिर रही है। हालात यह है कि चार बालिका विद्यालयों में लंबे समय बाद भी जर्जर हो चुके शौचालयाें को ठीक नहीं किया जा सका है। ऐसे में बेटियों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। वहीं चार विद्यालयों में भवन भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। ऐसे में अभिभावकों को हमेशा हादसों की आशंका बनी रहती है। राहत भरी खबर है कि जर्जर विद्यालय भवन और शौचालयों का जल्द सुधारीकरण होगा। इसके साथ ही तीन विद्यालयों में बिजली संयोजन का कार्य भी किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग को 52.46 लाख का बजट अवमुक्त हो चुका है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी आरडब्लूडी जबकि बिजली संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी यूपीसीएल की दी गई है। उम्मीद है कि जल्द विद्यालय में पढ़ रहे बच्चे खुद को यहां सुरक्षित महसूस कर सकेंगे।
-
कोट
11 विद्यालयों में मरम्मत सहित अन्य कार्यों के लिए निदेशालय से बजट अवमुक्त हो चुका है। धनराशि कार्यदायी संस्था को हस्तांतरित की जा चुकी है। जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। -रवि मेहता, जिला शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा अल्मोड़ा