अल्मोड़ा। सेंट एग्नस जूनियर हाईस्कूल में एक दिवसीय क्रिएटिव राइटिंग कार्यशाला आयोजित की गई। प्रसिद्ध लेखिका और कवियत्री दीपा अग्रवाल ने बच्चों को क्रिएटिव राइटिंग और कहानी लेखन के गुर सिखाए।
कार्यशाला में उन्होंने बच्चों से अपने अनुभव साझा किए और कहानियां भी सुनाई। प्रधानाचार्या मीरा पंत ने बताया कि दीपा अग्रवाल 50 से अधिक किताबें लिख चुकी हैं, जो बच्चों पर केंद्रित हैं। उनकी पुस्तकों को नेशनल बुक ट्रस्ट, चिल्ड्रन बुक ट्रस्ट, स्कोलेस्टिक इंडिया, पेंगविन इंडिया जैसे प्रकाशकों ने प्रकाशित किया है। लेखन में सराहनीय कार्य के लिए उन्हें एनसीईआरटी बाल साहित्य राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
प्रधानाचार्या ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए इस तरह की कार्यशालाएं समय-समय पर आयोजित की जाएंगी। जल्द ही फोटोग्राफी और फिल्म मेकिंग कार्यशाला भी आयोजित करने की योजना है। इस मौके पर लेखिका दीपा अग्रवाल ने अपनी पुस्तक कैरेवैन टू तिब्बत, उत्तराखंड की लोक कथाएं, बिरजु और उड़ने वाला घोड़ा विद्यालय को भेंट की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक पी लेड्रिक, विद्यालय संयोजक राहुल आर. पंत, मेबेल सिंह, जेन थामस, कुमकुम जोशी, नसरीन बानो, सीमा अधिकारी, अभिषेक सिंह आदि मौजूद थे। ब्यूरो