मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट की खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी ने गुरुवार को सल्ट ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज टोटाम में कई अनियमितताएं मिलीं। विद्यालय में छह शिक्षक देर में आते मिले। जबकि तीन शिक्षक गैर हाजिर थे।
खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी गुरुवार को साढ़े सात बजे राजकीय इंटर कॉलेज टोटाम पहुंची। उन्होंने बताया कि छह शिक्षक विद्यालय में आठ बजे आते हुए पकड़े गए। विद्यालय में ड्यूटी का समय साढ़े सात बजे का है। तीन शिक्षक अनुपस्थित पाए गए।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में देरी से आने वाले शिक्षक ही इन तीन शिक्षकों के अवकाश से संबंधित प्रार्थना पत्र अपने साथ लाए थे। प्राथमिक पाठशाला पनुवाद्योखन में प्रधानाध्यापक भी विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय में उनके अवकाश का कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला।
खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोक दिया गया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। जिला शिक्षाधिकारी ने पूर्व में निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी शिक्षक परिषदीय परीक्षाओं के मूल्यांकन तथा विभिन्न कार्यों के कारण आकस्मिक अवकाश नहीं लेगा लेकिन शिक्षक उनके निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं।