अल्मोड़ा। जिले के प्रभारी और प्रदेश के वन मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा है कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का जल्द निर्माण पूरा कराया जाएगा। सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने का अनुरोध किया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया।
उनके निजी प्रयासों से केंद्र सरकार ने उनकी मांग पर मेडिकल कॉलेज के लिए 180 करोड़ स्वीकृत किए थे। उन्होंने कहा कि उनके पद से हटने के बाद जिस तेजी से काम होना चाहिए था नहीं हो पाया।
धनावंटन के कारण निर्माण कार्य में विलंब हो गया था। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए धन आवंटन करने के बाद काम शीघ्र पूरा हो जाएगा। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विपक्ष प्राधिकरण पर आम जनता को लगातार गुमराह कर रहा है। वर्तमान में सरकार ने प्राधिकरण के नियमों और मानकों में काफी शिथिलता कर दिया है।