अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) के प्रबंधन कमेटी के निदेशक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन की अधिसूचना जारी हो गई है। निदेशक पदों के लिए नामांकन 30 नवंबर और मतदान 10 दिसंबर को होगा। जबकि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य सहकारी संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव 11 दिसंबर को निर्धारित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया बैंक मुख्यालय अल्मोड़ा में होगी।
निर्वाचन अधिकारी उपजिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि निदेशक पदों के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन 27 नवंबर को 11 बजे किया जाएगा। 11 से अपराह्न दो बजे तक आपत्तियां ली जाएंगी। आपत्तियों की सुनवाई 28 नवंबर को 11 से अपराह्न दो बजे तक करने के बाद चार बजे अंतिम मतदातता सूची का प्रदर्शन कर दिया जाएगा।
बैंक के अल्मोड़ा जिले के 11 और बागेश्वर जिले के दो निदेशक पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री 29 नवंबर को प्रात: दस बजे से दो बजे तक होगी। 30 नवंबर को नामांकन पत्र 10 से दो बजे तक दाखिल होंगे। एक दिसंबर को नामाकंन पत्रों की जांच और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। तीन दिसंबर को नामवापसी और चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा। 10 दिसंबर को निदेशक पदों के लिए मतदान सुबह नौ से चार बजे तक होगा। तत्पश्चात मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। 13 निदेशकों को चुनने के लिए विभिन्न समितियों से चुने गए जिला सहकारी बैंक प्रतिनिधि मतदान में भाग लेंगे।
11 दिसंबर को जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य सहकारी संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। 11 दिसंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन दाखिल होंगे। दोपहर 12 से एक बजे तक नामांकन पत्रों की जांच, एक से डेढ़ बजे तक आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अपराह्न दो से तीन बजे तक आपत्तियों का निराकरण, तीन से चार बजे तक नाम वापसी, साढ़े चार बजे से चुनाव चिन्ह आवंटन, सायं पांच बजे से छह बजे तक मतदान होगा। तत्पश्चात मतगणना होगी और परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।