अल्मोड़ा। जिले के स्याल्दे में आयोजित तहसील दिवस में कुल 109 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं। ज्यादातर शिकायतें पेयजल, विद्युत, लोनिवि, जल निगम, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित थीं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।
विद्युत विभाग के सब स्टेशन देघाट में विद्युत आपूर्ति कई स्थानों पर बाधित होने की शिकायत और देघाट से स्याल्दे विद्युत लाइन सहीं नहीं बिछाए जाने की शिकायतें मिलीं। जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। समैया-भरसौली पेयजल योजना पूर्ण होने के बावजूद पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट में एंटीवेनम इंजेक्शन न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को तत्काल इंजेक्शन सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को पात्र लोगों को पेंशन प्रकरणों के निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने डीएसओ से राशन से संबंधित समस्याओं का निस्तारण दो दिन के भीतर करने को कहा।
जैनल-देघाट मोटर मार्ग की खराब गुणवत्ता और नालियां नहीं बनाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मानक के अनुरूप मोटर मार्ग पर नालियां बनाने के निर्देश दिए। विभिन्न स्कूलों में शिक्षकों की कमी की शिकायत पर मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि 30 सितंबर तक अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर सीडीओ मयूर दीक्षित, एसडीएम गौरव चटवाल, ब्लॉक प्रमुख आनंदी कत्यूरा, तहसीलदार प्रतार राम, ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख गोपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य हंसा नेगी आदि मौजूद थे। तहसील दिवस में विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने भी क्षेत्र की कई समस्याएं रखीं।