अल्मोड़ा। सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी कल्याण समिति की राजकीय संग्रहालय सभागार में बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने पालिका की ओर से पंचवर्षीय मूल्यांकन में भवन कर 20 प्रतिशत बढ़ाने के निर्णय का विरोध किया। उन्होंने नगर में पानी की अनियमित आपूर्ति होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि पानी वितरण का समय निश्चित किया जाए। उन्होंने जल मूल्य में हर साल 15 प्रतिशत बढ़ोत्तरी करने पर रोष जताया। उन्होंने नगर में रसोई गैस की होम डिलीवरी, काठगोदाम से अल्मोड़ा-बागेश्वर-पिथौरागढ़ तक रेल लाइन का निर्माण, रोडवेज की बसों में ऑनलाइन टिकट बस स्टैंड से ही देने की मांग उठाई।
आरोप लगाया कि नर्सिंग होम अपशिष्ट को सार्वजनिक कूड़े दान में डाल रहे हैं। ऐसे नर्सिंग होमों पर भारी जुर्माना ठोका जाए। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एमएस मटेला और संचालन सचिव पीएस मेहरा ने किया। बैठक में एएस कार्की, शिवराज साह, गंगा सिंह, हरीश लाल, शेर राम, मनोहर सिंह, पीसी जोशी, आरएस बिष्ट, एनसी जोशी, सुबोध कुमार पंत, किशन सिंह, योगेंद्र जोशी, राजेंद्र प्रसाद, विनोद पंत, एमबी साह आदि थे।