अल्मोड़ा। अच्छी शिक्षा के लिए प्रसिद्ध अल्मोड़ा के जीआईसी में अप्रैल से शुरू होने वाले शिक्षा सत्र से कक्षा छह, नौ और 11वीं में अंग्रेजी माध्यम से कक्षाएं प्रारंभ की जा रही हैं। वहीं, हिंदी माध्यम से भी कक्षाएं चलती रहेंगी। शिक्षक अभिभावक एसोसिएशन और विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में आम सहमति के बाद सीईओ ने भी इसकी अनुमति दे दी है। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार टम्टा ने बताया कि प्रवेश के लिए 20 मार्च से पंजीकरण शुरू हो जाएंगे। विद्यालय में योग्य और अनुभवी शिक्षकों द्वारा अंग्रेजी की कक्षाएं ली जाएंगी। इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा देने वाला यह जिले का पहला राजकीय इंटर कॉलेज होगा।
शिक्षक अभिभावक एसोसिएशन और विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा देने के बारे में चर्चा हुई। बैठक में लोगों ने कहा कि राजकीय आदर्श इंटर कालेज अल्मोड़ा में कई प्रतिभाशाली और योग्य शिक्षक हैं जो अंग्रेजी माध्यम में पब्लिक स्कूलों से भी बेहतर शिक्षा दे सकते हैं। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार टम्टा ने बताया कि स्कूल में कक्षा 6 से 8 तक शिक्षा निशुल्क है, 9वीं और 10वीं में 40 रुपये और इंटर के छात्रों से सिर्फ 50 रुपये शुल्क लिया जाता है। बताया गया कि विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने भी शिक्षकों की पहल का स्वागत किया है। पीटीए के अध्यक्ष चंदन लाल टम्टा की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजेश बिष्ट, गोविंद सिंह रावत, नंदाबल्लभ पांडे, मदन भंडारी, तरुण जैरा, शशि नैनवाल, भगवती देवी आदि थे।