अल्मोड़ा। अगर आपके पास नगरपालिका क्षेत्र में भूमि है और आपकी आय तीन से छह लाख रुपये वार्षिक है तो आपके पास घर बनाने का सुनहरा मौका है। इस योजना के तहत लोगों को ब्याज में अनुदान भी मिलेगा। इस योजना के लिए लोग 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना में ‘सबके लिए आवास (शहरी) योजना’ का लाभ अधिक से अधिक लोगों को दिलाने के लिए इन दिनों पालिका परिषद ने नगर पालिका क्षेत्र में व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया है। तीन लाख वार्षिक आय वाले लोगों को आवास निर्माण के लिए छह लाख रुपये तक ऋण मिलेगा। उन्हें ब्याज में 6.5 प्रतिशत अनुदान मिलेगा, जबकि छह लाख वार्षिक आय वाले लोगों को नौ से 12 लाख रुपये का ऋण मिल सकता है।
इन आवेदकों को ब्याज में तीन से चार प्रतिशत अनुदान मिलेगा। ऋण 20 साल में चुकता करना होगा। पालिका की प्रभारी ईओ शिखा आर्य ने बताया कि इस योजना के तहत आवास बनाने के इच्छुक लोग 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अधिक जानकारी के लिए पालिका परिषद में संपर्क करने को कहा है। उन्होंने बताया कि यह योजना अल्मोड़ा के साथ ही चिलियानौला (रानीखेत), नगर पंचायत द्वाराहाट और भिकियासैंण में भी चल रही है।
अल्मोड़ा में इस योजना का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए अल्मोड़ा में अपर मुख्य अधिकारी मोहन लाल टम्टा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक दीपक मुरारी, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी गिरीश चंद्र मल्होत्रा, कृषि और भूमि संरक्षण अधिकारी नितीश कुमार पुजारी, मत्स्य सहायक निदेशक रितेश चंद्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी आशा पुरोहित नगर क्षेत्र में घर-घर सर्वे कर रहे हैं। सर्वेक्षण कार्य के नोडल अधिकारी मनोज कुमार कर्नाटक ने बताया कि आवेदन फार्म जिले के सभी नगर निकाय के कार्यालयों में उपलब्ध हैं।