रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर में एक बुजुर्ग के 50 हजार रुपये की नगदी पार होने का मामला प्रकाश में आया है। बुजुर्ग ने पीएनबी की स्थानीय शाखा से धनराशि निकाली थी। बाद में तहसील कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने बैग देखा तो धनराशि नहीं थी। उन्होंने तत्काल मामले की तहरीर यहां कोतवाली में दर्ज कराई और पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। मामले की जांच चल रही है।
द्वाराहाट के बाड़ी गांव निवासी हरीश कबडवाल ने रानीखेत स्थति पीएनबी बैंक की शाखा में अपने खाते से 50 हजार रुपये की धनराशि निकाली। बताया गया है कि इसके बाद वह तहसील कार्यालय में किसी कार्य के लिए चले गए। डेढ़ घंटे बाद तहसील में जब उन्होंने बैग देखा तो उसमें नगदी नहीं थी। आनन फानन में कबडवाल यहां कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को आपबीती सुनाई और अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर भी दर्ज करा दी। सूचना मिलने के बाद सीओ तपेश कुमार चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम यहां बैंक पहुंची, यहां लगे सीसीटीवी खंगाले गए। एसएसआई बसंती आर्या सहित पुलिस टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटे रहे, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।
सीसीटीवी में अंजान व्यक्ति दिख रहा बुजुर्ग के पीछे
रानीखेत। पुलिस क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चंद ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी कैमरे देख लिए गए हैं। वहां बुजुर्ग हरीश चंद्र काउंटर से धनराशि प्राप्त कर रहे हैं। लेकिन बैंक के अंदर से चोरी होने का सुबूत नहीं मिल पा रहा है। हो सकता है बैंक के बाहर से चोरी हुई है। फिर भी मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पीएनबी के शाखा प्रबंधक शंकर लाल का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में बुजुर्ग हरीश कबडवाल के पीछे एक अंजान व्यक्ति घूमता दिख रहा है।
: