अल्मोड़ा। जिले में इस फायर सीजन में जंगलों की आग पर काबू पाने के लिए 385 फायर वाॅचर दिन रात मुस्तैद हैं। राहत भरी खबर है कि शासन से फायर वॉचरों के लिए 50 लाख रुपये से अधिक का मानदेय जारी हुआ है। इससे उनके चेहरों पर मुस्कान है।
जिले मे 15 फरवरी से 15 जून तक फायर सीजन के लिए अल्मोड़ा वन प्रभाग में 263 और सिविल सोयम वन प्रभाग में 122 फायर वॉचर जंगलों को आग से बचाने के लिए तैनात किए गए हैं। वह जागेश्वर, कनालीछीना, बिनसर, अल्मोड़ा, सोमेश्वर, रानीखेत, द्वाराहाट, रानीखेत, मोहान, जौरासी रेंज के जंगलों में आग की घटनाओं पर नजर रखे हुए हैं। शासन से फायर वॉचरों के मानदेय के लिए 50 लाख रुपये जबकि गुड़ चना और मेडिकल किट के लिए 30 लाख रुपये वन विभाग को मिल चुके हैं। प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि फायर वाचरों के लिए मार्च महीने का मानदेय मिला है। जल्द उन्हें धनराशि का भुगतान किया जाएगा।