समर्थ टीम ने गलत विषयों को ठीक कर घोषित किए परिणाम
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में परीक्षा फार्म भरने के दौरान छात्र-छात्राओं के चुने गलत विषयों का सत्यापन नहीं होने से 450 परिणाम रुके हुए थे। समर्थ पोर्टल की टीम ने गलत विषयों की ठीक कर परिणाम जारी कर दिए हैं।
एसएसजे विश्वविद्यालय के अधीन चार परिसर और 36 महाविद्यालयों में बीए तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए 5536 छात्र- छात्राओं ने परीक्षा फार्म भरा। छात्र- छात्राओं के परीक्षा फॅार्म में पांच की जगह छह विषयों का चुनाव कर लिया था। इन सभी का परिणाम सत्यापन कर जारी कर दिया गया है। विवि में 66 छात्र-छात्राएं ऐसे हैं जिन्होंने पोर्टल पर तो अलग विषय चुने लेकिन परीक्षा किसी और ही विषय की दी। सत्यापन नहीं होने से इन विद्यार्थियों के भी परिणाम जारी नहीं हो सके। विवि प्रबंधन के मुताबिक इनमें कुछ मामले परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने के भी है। जिन पर विवि की अनुचित साधन जांच समिति निर्णय लेगी।
कोट -समस्या का समाधान कर परिणाम जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों की ओर से फॉर्म में भरे गए गलत विषयों को ठीक कर परीक्षाफल घोषित किए जा रहे हैं। - डॉ. पारस नेगी, सहायक नोडल अधिकारी समर्थ एसएसजे विवि।