भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। निर्माणाधीन मरचूला-भिकियासैंण-उणी महादेव मोटर मार्ग से अनुसूचित जाति बहुल गांव दुगोलीबाग को लाभ नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने 25 मई से अनशन शुरू करने का एलान किया है। उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में उन्होंने पुराने सर्वे के मुताबिक सड़क काटने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि पूर्व में मोटर मार्ग का सर्वे सरेखण दुगोलीबाग होकर किया गया था जिसका लाभ यहां के 45 अनुसूचित जाति के परिवारों को मिलता, लेकिन अब सड़क का कटान दूसरी जगह से किया जा रहा है जिससे जहां गांव से सड़क की दूरी बढ़ गई है वहीं खड़ी पहाड़ी की ओर निर्माण कार्य होने से सड़क भविष्य के लिए सुरक्षित नहीं है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है यदि उनके साथ प्रशासन ने न्याय नहीं किया तो 25 मई से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और लोनिवि से कई बार पुरानी सर्वे के अनुसार सड़क काटने की मांग की गई, लेकिन अनुसूचित जाति के लोगों की एक भी नहीं सुनी गई है। ज्ञापन में प्रकाश चंद्र, दीवान राम, जगदीश चन्द्र, महेंद्र कुमार, भूपेंद्र कुमार, शंकरप्रसाद, नारायणराम, दलीप, प्रतापराम, लछीराम, बालीराम, परुली, नन्दी, जशोदा, पुष्पा, लक्ष्मी, ज्योति, जशोदा, खगोती आदि के हस्ताक्षर हैं।