छात्र-छात्राओं को दें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा: सोनीे
अल्मोड़ा। मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और कार्मिकों की समस्याओं के समाधान को हरसंभव प्रयास होंगे। सीईओ ने यहां जीजीआईसी सभागार में विभागीय अधिकारियों, राजकीय और अशाकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की।
सीईओ ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों और देयकों का जल्द से जल्द निस्तारण करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कतें नहीं हों। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सभी बच्चों के आधार नंबर बैंक खातों से लिंक करवाएं। इंस्पायर अवार्ड के लिए प्रत्येक स्कूल दो से पांच बच्चों को प्रतिभाग कराना होगा। बैठक में यूडायस, निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।
सीईओ ने कहा कि निशुल्क पाठ्य पुस्तकों, गणवेश, छात्रवृत्ति वितरण, बायोमेट्रिक मशीन स्थापना, 30 जून तक गोपनीय आख्या की प्रतिपूर्ति, ग्रीष्मावकाश के दौरान मिशन कोशिश कार्यक्रम संचालन, नामांकन, मॉडल स्कूल और रूपांतरण कार्यक्रम के तहत संचालित विद्यालय बच्चों के नामांकन वृद्धि की जानकारी ली। बैठक में डीईओ (माध्यमिक) एचबी चंद, डीईओ (प्रारंभिक) आरएस यादव, वित्त अधिकारी श्याम लाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राम सिंह गैड़ा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी धीरेंद्र कुमार पाठक, समन्वयक विनोद राठौर, डा. भुवन चंद्र पांडे, डा. प्रभाकर, बीईओ प्रकाश जंगपांगी, ताकुला पीके टम्टा, उपशिक्षाधिकारी आदि ने भाग लिया।