अल्मोड़ा। तहसीलधारा पुरानी सब्जी मंडी में बिना अनुमति के एक फड़ व्यवसायी ने पालिका द्वारा आवंटित कच्ची दुकान में लिंटर डाल दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में पालिका परिषद ने सोमवार को इस दुकान को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया है।
पालिका परिषद की ओर से तहसीलधारा पुरानी सब्जी मंडी में रियाजउद्दीन कुरैशी पुत्र इकरामउद्दीन कुरैशी को किराये पर फड़ आवंटित था। पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि रियाजउद्दीन कुरैशी ने पालिका से अनुमति लिए बगैर पक्का निर्माण कर दुकान में लिंटर डाल दिया। इसके बाद पालिका ने फड़ व्यवसायी को कई नोटिस भेजे लेकिन उनसे नोटिसों का अनुपालन न करते हुए दुकान की छत के ऊपर बिना अनुमति के एक नया स्लैब भी डाल दिया।
पुलिस बल की मौजूदगी में अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में पालिका कर्मी सोमवार को मौके पर पहुंचे। पालिका ने फड़ व्यवसायी द्वारा अवैध निर्माण करने पर दुकान को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है ईओ ने चेताया है कि इस तरह के अवैध निर्माण होने पर पालिका तत्काल कार्रवाई करेगी और दुकान को अपने कब्जे में ले लेगी। इस मौके पर पालिका के ईओ के अलावा राजस्व निरीक्षक शिखा आर्या, अवर अभियंता महेंद सिंह बिष्ट, बसंत बल्लभ पांडे आदि कर्मचारी मौजूद थे।