अल्मोड़ा। सरकारी विभाग बिजली का उपभोग तो करते हैं, लेकिन समय पर बिजली के बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऊर्जा निगम का आधा दर्जन से अधिक सरकारी विभागों पर पिछले वित्तीय वर्ष के बिल का 2.26 करोड़ बकाया चल रहा है। तीन बार नोटिस जारी करने के बाद भी सरकारी विभागों ने बिल चुकता नहीं किया है।
मार्च माह में ऊर्जा निगम ने निजी और सरकारी उपभोक्ताओं से बिजली बिल का 6.40 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य रखा था। मार्च माह में विभाग ने बिल की वसूली के लिए विशेष अभियान भी चलाया था। कई निजी उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी विच्छेदित किए गए थे। काफी प्रयासों के बाद विभाग सरकारी और निजी उपभोक्ताओं से 4.14 करोड़ रुपये की वसूली की।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता दीन दयाल सिंह पांगती ने बताया कि पालिका परिषद पर सबसे अधिक करीब एक करोड़ रुपये, शिक्षा विभाग पर 35 लाख, दूर संचार निगम पर 25 लाख, स्वास्थ्य विभाग पर आठ लाख, पुलिस विभाग पर सात लाख रुपये बकाया है। बिल का बकाया जमा करने के लिए सरकारी विभागों को तीन बार नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इसके बाद विभाग बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं।