अल्मोड़ा। धर्म निरपेक्ष युवा मंच के गांव चलो अभियान के तहत मंच के सदस्यों ने हवालबाग ब्लॉक के रैलाकोट गांव का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के दौरान मकान क्षतिग्रस्त होने पर रैलाकोट के रमेश राम, नरेश राम, जगदीश राम को अस्थायी रूप से पंचायत भवन में शिफ्ट किया गया था, लेकिन डेढ़ माह बाद भी इन परिवारों के रहने के लिए स्थायी आवास की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
प्रधान मीना देवी ने बताया कि आपदा प्रभावित परिवारों के स्थायी आवास के लिए प्रशासन द्वारा अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गर्मियों में गांव में पेयजल व्यवस्था चरमरा जाती है। कोसी नदी से रैलाकोट के लिए पेयजल योजना शीघ्र बनाई जाए। पातालदेवी में स्थित पेयजल स्रोत के आसपास पानी का एक अतिरिक्त टैंक बनाया जाए।
गांव के कैलाश रावत, भरत रावत, विरेंद्र राम अगरबत्ती बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार सरकारी स्वरोजगार योजना के तहत मिलने वाले ऋण योजनाओं के लिए आवेदन करने के बावजूद अब तक किसी भी सरकारी स्वरोजगार योजना के तहत ऋण नहीं मिला है। मंच ने समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में मंच के संयोजक विनय किरौला, निरंजन पांडे, गोपाल गुरुरानी, अर्जुन लटवाल, प्रधान मीना देवी, उप संयोजक ललित मोहन पंत, मुकेश कन्नौजिया, रमेश राम, सावित्री जोशी, विमला राणा, शोभा जोशी, पुष्पा जीना, बीना जोशी, पार्वती जोशी, लीला जोशी, गीता जोशी, नंदी राणा, मीना जोशी, सतीश जोशी आदि शामिल थे।