अल्मोड़ा। भूमि चयनित होने के बावजूद नगर में ट्रक स्टैंड और टॉउन हॉल का निर्माण नहीं हो सका है। ट्रक स्टैंड के अभाव में जहां व्यापारियों को सामान उतारने में परेशानी होती है वहीं टॉउन हॉल नहीं होने से सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में दिक्कतें होती हैं। नगर पालिका परिषद ने इनके निर्माण के लिए 16.60 करोड़ का संशोधित प्रस्ताव फिर शासन को प्रेषित किया है।
शहर में ट्रक स्टैंड नहीं है। शिखर तिराहे पर सड़क में ट्रकों को खड़ा कर सामान उतारा जाता है। इससे कई बार जाम की स्थिति भी रहती है। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी होती है। व्यापारी पिछले काफी समय से शहर में ट्रक स्टैंड का निर्माण करने की मांग उठाते आ रहे हैं। लेकिन अभी तक ट्रक स्टैंड का निर्माण नहीं हो सका है।
दूूसरी तरफ नगर के बीच में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बड़ा सभागार नहीं है। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठन कामचलाऊ व्यवस्था के तहत स्कूलों, सरकारी कार्यालयों के मीटिंग हालों में बैठकें और कार्यक्रम आयोजित करने को मजबूर हैं। इधर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि टाउन हॉल और ट्रक स्टैंड निर्माण के लिए जीजीआईसी तिराहे के समीप पंचधारा में स्थान चयनित है। पालिका ने शासन को 16.60 करोड़ का फिर से संशोध प्रस्ताव भेजा है। शासन से बजट अवमुक्त होने पर विकास कार्य किए जाएंगे।