जैंती (अल्मोड़ा)। जैंती तहसील क्षेत्र में अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनने शुरू हो गए हैं। बुधवार को ग्राम पंचायत मल्ला बिनौला में तहसील क्षेत्र का पहला शिविर आयोजित कर 50 परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाए गए। मुख्य अतिथि प्रधान विमला भंडारी ने शिविर का उद्घाटन किया।
उन्होंने सभी ग्रामीणों से गोल्डन कार्ड जल्द बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश लोग कम आय वर्ग के रहते हैं। केंद्र सरकार की इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। इस मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी आशीष, एएनएम ममता देवी, आशा कार्यकत्री रेखा नेगी, आंगनबाडी कार्यकर्ता रचना सिजवाली, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पूरन सिंह भंडारी, राजेंद्र सिंह भंडारी, विरेंद्र सिंह, बची नाथ आदि मौजूद थे।