अल्मोड़ा। आपदा प्रभावितों और धर्मनिरपेक्ष युवा मंच के सदस्यों ने भैंसियाछाना ब्लॉक के आपदा प्रभावित गांव बूढाधार के ग्रामीणों को विस्थापित करने की मांग की है। मंच के सदस्यों और ग्रामीणों ने आपदा सचिव को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा।
ज्ञापन में कहा गया है कि बूढाधार को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील गांव घोषित किया गया है। 2010 में आपदा के दौरान कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। विशेषज्ञों की टीम ने निरीक्षण भी किया और क्षेत्र को आपदा की दृष्टि से अतिसंवेदनशील बताया था। भूगर्भ विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की सलाह दी थी, लेकिन अब तक ग्रामीणों को विस्थापित नहीं किया जा सका है। शासन-प्रशासन ग्रामीणों को पुनर्वास करने का लगातार आश्वासन देता आ रहा है। मंच और क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा पूर्व में डीएम को ज्ञापन दिया गया था।
डीएम ने चौदह दिन का समय दिया था। ग्रामीणों और मंच के पदाधिकारियों ने मंगलवार को पुन: जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुनर्वास की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में निरंजन पांडे, सरपंच देव सिंह भोजक, उप संयोजक ललित मोहन पंत, समन्यक धर्मनिरपेक्ष युवा मंच बूढाधार के संतोष कुमार, कमल जोशी, मनोज राम, किशोर राम, लक्ष्मी देवी, रेखा देवी, साजन कुमार, अनिल भारती आदि शामिल हैं।