अल्मोड़ा। नगर में रानीधारा और पातालदेवी स्थित नौलों को छोड़कर अन्य सभी 13 नौलों और धारों का पानी परीक्षण में संक्रमित पाया गया है। संक्रमित नौले के पानी के उपयोग से जल जनित रोग होने की संभावना है। जल संस्थान ने लोगों को सलाह दी है कि नौलों और धारों का पानी उबालकर ही पीएं।
जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता केएस खाती ने बताया कि शहर के 15 नौलों और धारों के पानी का परीक्षण किया गया। परीक्षण में रानीधारा और पातालदेवी नौले का पानी ही ठीक मिला है। अन्य 13 नौलों और धारों के पानी के नमूने संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया बार-बार हो रही बारिश के कारण नौलों और धारों का पानी संक्रमित पाया गया है।
खाती ने कहा है कि वर्षाकाल के दौरान नौलों और धारों के पानी को अनिवार्य रूप से कम से कम एक अथवा दो बार उबालकर ही प्रयोग करें। घरों से निकलने वाले पानी को नौलों और धारों के समीप प्रवाहित नहीं करें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।