अल्मोड़ा। जिला विकास प्राधिकरण के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति का चौघानपाटा गांधी पार्क में धरना बाइसवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण के माध्यम से जनता को परेशान किया जा रहा है। मकान बनाने के लिए लोगों को नक्शे पास कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रशासन द्वारा जिला विकास प्राधिकरण की आड़ में जनता का शोषण किया जा रहा है। बाइस दिन से चल रहे आंदोलन के बावजूद प्रदेश सरकार का कोई प्रतिनिधि और जिला प्रशासन का कोई नुमाइंदा धरना स्थल पर वार्ता के लिए नहीं पहुंचा, जो कि सरकार और सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनधियों की जनता के प्रति उपेक्षा को दर्शाता है।
सभा में कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, पंकज वर्मा, त्रिलोचन जोशी, दीपांशु पांडे आदि ने विचार रखे। धरने में अरुण वर्मा, राजीव कर्नाटक, मुकेश नेगी, सुनील भोज, रमेश आर्या, हर्ष कनवाल, हेम जोशी, अनिरुद्ध सांगा, परितोष जोशी, अख्तर हुसैन, परवेज सिद्दीकी, मयंक कार्की, मनोज वर्मा, शरद साह, भीमा पवार, मोहन कनवाल आदि बैठे।