अल्मोड़ा। जिला न्यायालय, अधीनस्थ न्यायालयों और तहसीलों में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री लिटिगेशन से संबंधित 21 और 128 लंबित वादों समेत कुल 149 वादों का निस्तारण किया गया।
सुलह समझौते के आधार पर प्री लिटिगेशन बैंक ऋण वसूली वादों में 7,69,626 की धनराशि दिलाई गई। लंबित मामलों में मुआवजे के आधार पर 1,89,74,217 रुपये, प्रतिकर के रूप में 65,08,954 रुपये, अर्थदंड के रुप में 50 हजार रुपये की धनराशि वसूली गई।
जिला न्यायाधीश डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा की अदालत में दस फौजदारी अपीलों में 50 हजार अर्थदंड और 14,58000 मुआवजा दिलाया गया। पांच प्रकीर्ण फौजदारी वादों का निस्तारण कर 4,13,000 मुआवजा दिलाया गया।
पांच दीवानी अपीलों का निस्तारण कर प्रतिकर के आधार पर 8,00,000 मुआवजा दिलाया गया। एक दीवानी वाद का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर किया गया, जिसमें 1,42,59,349 की राशि का मुआवजा दिलाया गया। एक एमएसीटी वाद का निस्तारण कर 20 हजार, दो एनएसीटी ईजराय वादों का निस्तारण कर 19,23,868 रुपये मुआवजे के रूप में दिलाई गई।
एक प्रकीर्ण दीवानी वाद बैंक ऋण से संबंधित वाद का निस्तारण एक लाख रुपये के आधार पर किया गया। एक रेंट अपील का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर किया गया। जिला न्यायाधीश अल्मोड़ा की अदालत में 26 वादों का निस्तारण कर 1,89,74,217 की राशि और 50 हजार रुपये अर्थदंड दिलाया गया।
परिवार न्यायाधीश नीलम रात्रा की अदालत में वैवाहिक वाद से संबंधित 28 वादों का निस्तारण किया गया। 19,77000 की प्रतिकर धनराशि दिलाई गई। अपर जिला जज रानीखेत अमित कुमार सिरोही की अदालत में प्रकीर्ण फौजदारी तीन वादों का निस्तारण, एनआई एक्ट संबंधित वाद में 66 हजार की धनराशि प्रतिकर के रूप में दिलाई गई।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा मनमोहन सिंह की अदालत में सात वादों का निस्तारण कर एनआई एक्ट संबंधित वाद में 5,43,130 की धनराशि प्रतिकर के रूप में सुलह समझौते के आधार पर दिलाई गई।
सिविल जज (सीनियर डिविजन) अल्मोड़ा मनमोहन सिंह की अदालत में चार वादों का निस्तारण किया गया। बैंक वसूली वाद में प्रतिकर धनराशि 4,51,824 समझौते के आधार पर दिलाई गई। सिविल जज (जूनियर डिविजन) न्यायिक मजिस्ट्रेट अनीता कुमारी की अदालत में 28 वादों का निस्तारण कर समझौते के आधार पर 21,43000 की धनराशि, सिविल जज (जूनियर डिविजन) द्वाराहाट नदीम अहमद की अदालत में कुल छह वादों का निस्तारण कर 70 हजार की राशि, शिविर जज (जूनियर डिविजन) भिकियासैंण नदीम अहमद की अदालत में छह वादों का निस्तारण कर 12,58,000 की धनराशि दिलाई गई।
एसडीएम भिकियासैंण की अदालत में फौजदारी के सात वादों, एसडीएम सदर अल्मोड़ा की अदालत में नौ, एसडीएम सोमेश्वर की अदालत में चार वादों का निस्तारण किया गया। प्री लिटिगेशन मामलों में ग्रामीण बैंक अल्मोड़ा ऋण वसूली के एक मामले का निस्तारण समझौते के आधार पर ऋणदाताओं से 64 हजार में किया गया।
प्री लिटिगेशन मामलों में केनरा बैंक अल्मोड़ा के ऋण वसूली के एक मामले का निस्तारण समझौते के आधार पर डेढ़ लाख में किया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा के ऋण वसूली के पांच मामलों का निस्तारण ऋणदाताओं से एक लाख पचपन हजार में किया गया। एसबीआई अल्मोड़ा के 11 मामलों का निस्तारण समझौते के आधार पर ऋणदाताओं से 4,00,626 रुपये में किया गया।