मौलेखाल (अल्मोड़ा)। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भ्याड़ी केे वार्षिकोत्सव में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने कहा कि शिक्षा महत्वपूर्ण है। छात्र-छात्राएं हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने स्कूल में विकास कार्यों और गांव के विकास के लिए विधायक निधि से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय के वार्षिक पत्रिका आमोदिता के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। उन्होंने प्राथमिक स्कूल भ्याड़ी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में चाहरदीवारी नहीं बनने और विद्यालय भवन के जीर्ण-शीर्ण हालत पर नाराजगी जताई और खंड शिक्षाधिकारी को इसकी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इस मौके पर दिनेश चंद्र को स्टूडेंट ऑफ द ईयर, खेलकूद में अव्वल रहे पवन, वंदना, पूजा, रोशनी अंकित और हाइस्कूल प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने वाली सरस्वती, कविता, मीनाक्षी, अर्चना को पुरस्कार प्रदान किए। लोक कलाकार गिरीश पहाड़ी, शकुंतला रमोला ने कुमाऊंनी गीत पेश किए।
अध्यक्षता प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र फुलोरिया ने और संचालन दर्शन नेगी ने किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मुन्नी आर्या, खंड शिक्षाधिकारी जेआर गौतम, देवी दत्त शर्मा, नंदन सिंह बिष्ट, हरी राम आर्य, दिनेश मेहरा, कुलवंत सिंह, सुंदर सिंह, गोपाल सिंह कड़ाकोटी, रमेश कड़ाकोटी, अनिल सिंह, नेहा, गीता, विनोद ध्यानी, श्याम बोरा, महेंद्र चौधरी आदि मौजूद थे।