मौलेखाल (अल्मोड़ा)। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुमटी में अभिभावकों की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण छात्राओं की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षकों के खाली पदों पर शीघ्र नियुक्ति न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विद्यालय में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षक नहीं होने से छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक आ रही हैं, जिससे छात्राओं की तैयारियों पर असर पड़ रहा है।
इस संबंध में कई बार शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भेजा जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान अभिभावक संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह पटवाल, प्रभारी प्रधानाचार्य रेखा देवी, गोपाल सिंह, मुन्नी देवी, हरीश राम, देव सिंह, सुरेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, तुलसी देवी आदि थे।