अल्मोड़ा। यूपीआई भुगतान के बाद एक महिला के खाते से 40 हजार रुपये कट गए। महिला की शिकायत पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नगर के दुगालखोला निवासी जया लटवाल ने कोतवाली में तहरीर दी। जया का आईडीबीआई बैंक में खाता है जो उसके पति के फोन पे से लिंक था। जया ने बताया कि आठ मई को धारानौला में बिष्ट स्टील नाम की दुकान में यूपीआई से पैसे ट्रांसफर किए थे। इसके बाद तीन दिन फोन बंद रहा। फोन से सारा डाटा डिलीट हो गया। इसकी ऑनलाइन साइबर शिकायत की। जया ने बताया कि उपरोक्त यूपीआई भुगतान के बाद उनके खाते से 40,000 हजार रुपये कट गए। जिसकी जानकारी उन्हें फोन ठीक कराने के बाद मिली। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में पुलिस से न्याय दिलाने की मांग की। सीओ बलवंत सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद