समग्र शिक्षा कार्यालय, अल्मोड़ा। संवाद
अल्मोड़ा। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। 62 साल पहले खुले स्कूलों का अब जीर्णोद्धार होगा। शिक्षा विभाग ने वर्ष 1961 से पहले स्थापित स्कूलों के नवनिर्माण और सुधारीकरण का निर्णय लिया है। छह करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इस दायरे में आने वाले 318 स्कूलों का कायाकल्प होगा और विद्यार्थियों को जर्जर छत तथा भवन से मुक्ति मिलेगी।
जिले में एक हजार से अधिक स्कूल ऐसे हैं जो जर्जर हो चुके हैं और यहां विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कर रहे हैं। आखिरकार शिक्षा विभाग ने इन जर्जर स्कूलों के नवनिर्माण और सुधारीकरण की पहल शुरू की है। इसके तहत पहले चरण में वर्ष 1961 से पूर्व स्थापित स्कूलों को शामिल किया गया है। इस दायरे में 318 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल शामिल हैं जिनका जल्द कायाकल्प होगा। 6 करोड़ 59 लाख की लागत से इन स्कूलों का नवनिर्माण व सुधारीकरण होगा और ये नए स्वरूप में नजर आएंगे। विभाग को इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। संवाद
65 स्कूल में शौचालयों का होगा निर्माण
अल्मोड़ा। जिले में कई स्कूल ऐसे हैं जहां अब तक शौचालयों का निर्माण नहीं हो सका है। ऐसे में इन स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शौच के लिए जंगलों की दौड़ लगानी पड़ती है। जर्जर स्कूलों के सुधारीकरण के साथ ही अब स्कूलों में शौचालयों का भी निर्माण होगा जिससे छात्रों को राहत मिलेगी। जिले के 65 स्कूलों में नई योजना के तहत शौचालयों का निर्माण प्रस्तावित है। विभाग छात्रों के लिए 37 तो छात्राओं के लिए 28 शौचालयों का निर्माण करेगा। संवाद
30 स्कूल में मिलेगी बिजली-पानी की सुविधा
अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग जर्जर स्कूलों के सुधारीकरण के साथ ही इनमें बिजली और पानी की व्यवस्था मजबूत करेगा। 10 स्कूलों में पीने के पानी की तो 20 स्कूलों में बिजली की व्यवस्था होगी। ऐसे में विद्यार्थियों को घर से बोतल में पानी नहीं ले जाना पड़ेगा। संवाद
कोट
वर्ष 1961 से पूर्व स्थापित 318 स्कूलों के नवनिर्माण और सुधारीकरण के लिए बजट स्वीकृत हुआ है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। - हेमलता भट्ट, सीईओ, अल्मोड़ा।