अल्मोड़ा। कोसी नदी में स्थित एक पंप के खराब रहने से उससे जुड़े नगर के कई इलाकों में सुबह की पाली में पेयजल आपूर्ति ठप रही। हालांकि दो पंपों को देर रात दुरुस्त कर लिया गया था जिससे नगर के अधिकांश इलाकों में सुबह के वक्त पानी की आपूर्ति कर दी गई।
रविवार को जल संस्थान के मटेला में कुछ तकनीकी दिक्कत आने से पेयजल पंपों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। जिस कारण कुछ घंटे तीनों पंप नहीं चले। रविवार रात को ही फॉल्ट का पता लग गया जिसे दूर करके रात आठ बजे दो पंप चालू कर दिए गए थे और पंपिंग शुरू हुई। जबकि एक पंप की खराबी सोमवार सायं के समय दूर हुई। गत दिवस पर्याप्त पानी सप्लाई नहीं होने के चलते आज सुबह सर्किट हाउस टैंक से जुड़े क्षेत्रों पल्टन बाजार, थाना बाजार, गंगोला मोहल्ला समेत अन्य क्षेत्रों में आज सुबह पानी की सप्लाई बाधित हुई। जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता केएस खाती ने बताया कि तीसरा पंप भी सायं के समय चालू हो गया है। सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि सुबह के समय जिन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई थी। वहां शाम को पानी की आपूर्ति की गई। पेयजल व्यवस्था अब पूरी तरह सुचारु हो गई है।