अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के महिला अस्पताल में समय से पहले (प्री मेच्योर) पैदा होने वाले बच्चों को रखने के लिए इन्क्यूवेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस कारण समय से पहले पैदा होने की स्थिति में संबंधित प्रसव पीड़िता महिला को हल्द्वानी अथवा अन्य जगह ले जाना पड़ता है।
बता दें कि अल्मोड़ा के महिला अस्पताल में अल्मोड़ा जिले के विभिन्न विकासखंडों के साथ ही बागेश्वर और पहाड़ के अन्य जिलों से प्रसव पीड़ित महिलाओं को रेफर किया जाता है, लेकिन जिला मुख्यालय के इस अस्पताल में भी समय से पहले पैदा होने वाले बच्चों को रखने के लिए इन्क्यूवेटर सुविधा उपलब्ध नहीं है। कई बार समय से पहले पैदा होने वाले बच्चों की जान नहीं बच पाती। साथ ही प्रसव पीड़ित महिलाओं की जिंदगी को भी खतरा हो जाता है।