अल्मोड़ा। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर निर्वाचन विभाग द्वारा सेक्टर व जोनल अफसरों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी को अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर मतदेय स्थलों की वस्तुस्थिति का निरीक्षण व भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। निर्वाचन विभाग ने जिले की छह विधानसभाओं में चुनाव के लिए उड़न दस्ते समेत छह टीमों का गठन कर लिया है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी शंकर राम ने बताया कि जिले की छह विधानसभाओं में 876 बूथ, 839 केंद्रों के लिए 21 जोनल एवं 84 सेक्टर आफिसरों की नियुक्ति कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से सभी नियुक्त अधिकारियों को इन केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। अभी चुनाव कार्यालय में सर्विस वोटरों के नाम भी चढ़ाए जा रहे हैं। इसके अलावा सहायक व्यय प्रेक्षक, स्थैटिक निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, व्यय लेखा टीम, उड़न दस्ते, वीडियो निगरानी टीमों का गठन कर लिया गया है। प्रत्येक विधानसभा के लिए टीमें तैयार कर ली हैं। प्रत्येक विधानसभा के लिए तीन तीन उड़नदस्तों की टीम भी तैयार हो चुकी है। हालांकि अभी संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदेय केंद्रों का चयन नहीं किया जा सका है।
23 एवं 24 को लगेगा विशेष शिविर
अल्मोड़ा। लोकसभा निर्वाचन में जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं या चढ़ने से रह गए हैं उनके लिए निर्वाचन विभाग ने 23 एवं 24 फरवरी को विशेष शिविर का आयोजन किया है। एडीईओ शंकर राम ने बताया कि दोनों दिवसों में सभी मतदेय स्थलों, तहसीलों, ब्लाक कार्यालय, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं।