अल्मोड़ा। छह साल से बंद उत्तराखंड परिवहन निगम की अल्मोड़ा-कोसी-शीतलाखेत बस सेवा बृहस्पतिवार से पुन: शुरू हो गई है। माल रोड स्थित रोडवेज स्टेशन से रोडवेज के सहायक महाप्रबंधक विजय तिवारी ने बस को रवाना किया। अब यह बस अल्मोड़ा, शीतलाखेत, रामनगर होते हुए दिल्ली तक जाएगी। शीतलाखेत और आसपास के गांवों के लोगों को दिल्ली, रामनगर जाने के लिए अल्मोड़ा आना नहीं पड़ेगा।
रोडवेज की 34 सीटर यह बस अल्मोड़ा से प्रतिदिन दिन के एक बजे चलेगी और सुबह दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली के आनंद बिहार स्टेशन से हर रोज रात्रि 8.30 बजे अल्मोड़ा को रवाना होगी। बस के पर्यटन क्षेत्र शीतलाखेत से होकर गुजरने पर बिमौला,बडगल रौतेला, बगडोना, देवली, भाकड़, नौला, चंपा, मटेला, सड़का, दयौलीखान, खूंट, धामस, धारी, तल्ला रौतेला, रौनडाल, नौगांव समेत तीन दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
अल्मोड़ा-शीतलाखेत-दिल्ली बस सेवा शुरू होने से शीतलाखेत तथा आसपास के गांवों को रामनगर, दिल्ली आदि स्थानों को जाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शीतलाखेत और आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से बस सेवा संचालित करने की मांग करते आ रहे थे। इस मौके पर रोडवेज स्टेशन प्रभारी कृपाल दत्त सनवाल, केसी जोशी, अशोक शर्मा, राम दत्त पपनै, दौलत सिंह गैडा आदि मौजूद थे।