जैंती (अल्मोड़ा)। राम सिंह धौनी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जैंती के छात्रसंघ अध्यक्ष के नेतृत्व में छात्रों की सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों से वार्ता हुई। वार्ता में अधिकारियों ने तीन महीने के भीतर समस्याओं का समाधान करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रसंघ ने आंदोलन समाप्त कर दिया है। उन्होंने तय समय में मांगेें पूरी नहीं होने पर पुन: आंदोलन करने की चेतावनी दी।
डिग्री कालेज जैंती में 17 सूत्री मांगों को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में छात्रों ने 14 और 15 मार्च को तहसील प्रांगण में धरना दिया था, तहसीलदार प्रयाग दत्त सनवाल ने 19 मार्च को जिला स्तरीय अधिकारियों को बुलाकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था। सोमवार को छात्रों की डीडीओ मो. असलम, डिप्टी कलेक्टर मनीष बिष्ट, तहसीलदार प्रयाग दत्त सनवाल, सीईओ (माध्यमिक) एचबी चंद, राम सिंह धौनी महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. नर सिंह बिष्ट, सीएमओ प्रतिनिधि डीके उपाध्याय, विद्युत ईई डीडी पांगती, लीड बैंक अधिकारी जगदीश चंद्र, बाल विकास अधिकारी लमगड़ा अनीता टम्टा, उप कोषाधिकारी प्रकाश पंत आदि अधिकारियों से वार्ता हुई। वार्ता में छात्रसंघ अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, देवेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, दीवान कुंवर, राजेंद्र सिंह बिष्ट, ललित सिंह बिष्ट, नीरज धौनी, गोविंद सिंह, बसंत भट्ट, मनोज बिष्ट, भावना, विमला, कल्पना जोशी, सोनी बिष्ट आदि शामिल हैं।