अल्मोड़ा। आवासीय विवि में छात्रों के लिए डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स शुरू हो गया है। डिजिटल मार्केटिंग में मोबाइल मार्केटिंग और गूगल एनालिटिक्स का कोर्स शामिल है। प्रवेश लेने वाले छात्रों को डिजिटल युग में किसी उत्पाद की मार्केटिंग कैसे की जाती है, इस बारे में जानकारी दी जाएगी। इसमें इंटरमीडिएट छात्रों के लिए डिप्लोमा और बीकॉम स्नातक छात्रों के लिए एडवांस डिप्लोमा कोर्स शुरू किया गया है।
वर्तमान में लोग एक दूसरे से संवाद करने और अपनी जरूरत की चीजों की खरीद और बिक्री के लिए लैपटॉप, मोबाइल, फोन समेत डिजिटल संसाधनों का अधिकतम प्रयोग कर रहे हैं। आवासीय विवि ने भी छात्रों को विपणन से संबंधित कार्यकलापों में डिजिटल माध्यमों का प्रयोग सिखाने के लिए डिजिटल मार्केटिंग से संबंधित दो नए कोर्स शुरू कर दिए हैं।
पीपीपी मोड में शुरू किए गए इस कोर्स में डिप्लोमा और एडवांस डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। करीब सात माह पूर्व अल्मोड़ा में खुले आवासीय विवि में आटोमोबाइल्स एंड मेन्यूफैक्चरिंग, अतिथि प्रबंधन, बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन, साइबर सेक्यूरिटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और बायो फ्यूल छह कोर्स चलाए गए थे। जिसमें से 115 विद्यार्थी वर्तमान में ट्रेनिंग के साथ साथ मानदेय भी प्राप्त कर रहे हैं। विवि ने नए वर्ष में अब डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स भी शुरू कर दिया है। विवि में जुलाई से कंप्यूटर डिजाइनिंग इन ऑटोमोबाइल कोर्स भी शुरू करने की योजना है। इसके अलावा अतिथि प्रबंधन में भी नया बैच शुरू हो गया है।