भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। लघु डाल खंड सिंचाई विभाग में ठेकेदारी प्रथा पर कार्यरत पंप ऑपरेटरों का 25 दिनों से चल रहा कार्य बहिष्कार सल्ट के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के साथ हुई वार्ता के बाद स्थगित हो गया है। उल्लेखनीय है कि मानदेय भुगतान और अन्य मुद्दों को लेकर भिकियासैंण, सल्ट, स्याल्दे, चौखुटिया के विभिन्न लघु सिंचाई पंपों में कार्यरत ऑपरेटर बीते 14 माह से हड़ताल पर थे।
इस कारण दो दर्जन सिंचाई पंप ठप हो गए थे। हड़ताली पंप संचालकों से विधायक सुरेंद्र जीना ने वार्ता कर उनकी मांगों को सीएम के समक्ष रखकर निराकरण का आश्वासन दिया। ऑपरेटरों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन विधायक को सौंपा। इसके बाद पंपों का संचालन शुरू हो गया है। जिससे काश्तकारों को राहत मिली है। वार्ता में पंप आपरेटर संघ के अध्यक्ष उदित नारायण फुलोरिया, हीरासिंह,रामसिंह, पूरनसिंह, प्रह्लाद सिंह आदि थे।