अल्मोड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें मातृशक्ति को छल रही हैं। यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए तिवारी ने कहा कि महिला कांग्रेस के रविवार 12 नवंबर को अल्मोड़ा में प्रस्तावित जिला महिला सम्मेलन में भाजपा सरकारों की महिला और जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश किया जाएगा। सम्मेलन में करीब आठ से दस हजार महिलाएं भाग लेंगी।
उन्होंने कहा कि जनता ने केंद्र और राज्य में भाजपा सरकारों को पूर्ण बहुमत दिया, लेकिन सत्ता में आने के बाद दोनों सरकारें महिलाओं और जनता को छल रही हैं। कन्या के जन्म पर राज्य में नंदादेवी योजना के तहत मिलने वाली 15 हजार रुपये की सहायता, 60 वर्ष की वृद्धाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाला पोषाहार नहीं दिया जा रहा है। कन्या धन योजना के तहत इंटर पास करने पर छात्रा को दी जाने वाली 51 हजार की धनराशि यह सरकार किश्तों में दे रही है।
उन्होंने बताया कि रविवार 12 नवंबर को अल्मोड़ा में महिला कांग्रेस का जिला सम्मेलन है। जिसमें अखिल भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और सिल्चर से सांसद सुष्मिता देव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्या, सांसद प्रदीप टम्टा, कांग्रेस नेत्री रेणुका रावत, राष्ट्रीय सचिव अनुपमा रावत, उत्तराखंड प्रभारी सुनीता आदि पदाधिकारी मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के नोटबंदी को एक साल पूरा होने पर आठ नवंबर को कांग्रेस काला दिवस के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी, आनंद सिंह बगडवाल, भूपेंद्र भोज, नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, अख्तर हुसैन आदि मौजूद थे।