अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कालेज मनान के छात्र-छात्राएं अब टाई और चेस्ट कार्ड पहनकर स्कूल आने लगे हैं। विद्यालय में हर शनिवार को प्रतिभा दिवस मनाया जाता है। इसके तहत बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं होती हैं। जिसका आयोजन और संचालन बच्चे खुद करते हैं। स्कूल में एक दिन प्रार्थना हिंदी और एक दिन अंग्रेजी में होती है। छुट्टी के बाद बच्चों को खेलों का अभ्यास भी कराया जाता है।
आम तौर पर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे टाई और चेस्ट कार्ड पहनकर नहीं आते हैं, लेकिन राजकीय इंटर कालेज मनान ने इससे हटकर अनूठी पहल की है। शिक्षक-अभिभावक संघ ने अपने संसाधनों से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के लिए टाई और चेस्ट कार्ड बनवाए हैं। विद्यालय के सभी छात्र अब प्राइवेट स्कूलों के बच्चों की तरह टाई और चेस्ट कार्ड पहनकर विद्यालय आ रहे हैं। स्कूल के व्यायाम शिक्षक गोपाल सिंह भोज ने बताया कि विद्यालय में हर शनिवार को प्रतिभा दिवस मनाया जाता है। जिसके तहत सामान्य ज्ञान के अलावा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन और संचालन बच्चे खुद करते है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य बच्चों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता पैदा करना है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में एक दिन प्रार्थना हिंदी तथा एक दिन अंग्रेजी में की जाती है। इससे बच्चों का हिंदी के साथ ही अंग्रेजी भाषा में भी समान पकड़ हो रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। यदि अभिभावकों ने सहयोग दिया तो भविष्य में नई गतिविधियां शुरू करने पर विचार किया जाएगा। इधर सामाजिक कार्यकर्ता भैरव दत्त जोशी, ज्ञानदीप पुस्तकालय मनान के अध्यक्ष रमेश पांडे, सचिव संतोष छिमवाल आदि क्षेत्रीय लोगों ने शिक्षक अभिभावक संघ के प्रयासों की सराहना की है।